मीर-भायंदर, 17 अक्टूबर 2026: महाराष्ट्र के मीरा-भायंदर महानगरपालिका (MBMC) की 16 अक्टूबर को आयोजित आमसभा के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग पर रोक को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कुछ नगरसेवकों ने पत्रकारों और नागरिकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान समाचार चैनलों और अखबारों के प्रतिनिधियों के मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटकने और तोड़ने के भी आरोप लगाए गए हैं। बीजेपी नगरसेवक शानू गोहिल पर भी पत्रकारों की ओर बढ़ने का आरोप है।
इस घटना के दौरान पत्रकार जतिन दादिच को पुलिस द्वारा घसीटे जाने का भी आरोप लगाया गया। घटना के बाद प्रभावित पत्रकारों ने महानगरपालिका भवन के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित तौर पर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल, घटना से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित पक्षों का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।

