नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की प्रमुख नेहा बोहरा को हिरासत में ले लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, अभिजीत दिपके को मध्य दिल्ली के झंडेवालान स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया, जबकि नेहा बोहरा को मंडी हाउस इलाके में रोका गया। दोनों को कनॉट प्लेस में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होना था।
प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से पहले अभिजीत दिपके को नोटिस जारी कर कनॉट प्लेस में मार्च आयोजित नहीं करने का निर्देश दिया था। पुलिस ने इलाके में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला दिया।
इसके बावजूद कनॉट प्लेस और मंडी हाउस में प्रदर्शनकारी जुटे। कई लोगों ने तिरंगा लेकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस, प्रदर्शनकारियों और मीडिया कर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान करीब 150 लोगों को हिरासत में लिया। प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी।

