CRIME DETECTION NEWS

आपका विश्वास, हमारी पहचान

सच्ची खबर | बेबाक रिपोर्टिंग | जनता की आवाज़

Tag: Crime Detection News

  • मरोल के महालक्ष्मी गार्डन बार में रात 1:30 बजे के बाद भी शराब का कथित कारोबार! पीछे के गेट से ग्राहकों की एंट्री और शराब पार्सल का खुलासा, सहार पुलिस की चुप्पी पर सवाल

    मरोल के महालक्ष्मी गार्डन बार में रात 1:30 बजे के बाद भी शराब का कथित कारोबार! पीछे के गेट से ग्राहकों की एंट्री और शराब पार्सल का खुलासा, सहार पुलिस की चुप्पी पर सवाल

    मुंबई: अंधेरी ईस्ट के मरोल स्थित महालक्ष्मी गार्डन बार एंड रेस्टोरेंट को लेकर Crime Detection News के स्टिंग ऑपरेशन में कई गंभीर सवाल सामने आए हैं। शनिवार की रात किए गए इस स्टिंग ऑपरेशन में कथित तौर पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जो बार के संचालन और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

    Crime Detection News की टीम द्वारा शनिवार की रात GPS कैमरे के साथ रिकॉर्ड किए गए वीडियो के अनुसार, आरोप है कि महालक्ष्मी गार्डन बार एंड रेस्टोरेंट रात 1:30 बजे की निर्धारित अनुमति अवधि के बाद भी ग्राहकों को अंदर बैठाकर शराब परोस रहा था।

    स्टिंग ऑपरेशन के दौरान जो गतिविधियां रिकॉर्ड की गईं, उनके अनुसार बार का सामने वाला मुख्य दरवाजा बंद कर दिया जाता है, लेकिन पीछे स्थित छोटे गेट से ग्राहकों को अंदर प्रवेश दिया जाता है। इसके बाद कथित तौर पर ग्राहकों को बार के अंदर बैठाकर शराब परोसी जाती है।

    सिर्फ इतना ही नहीं, पीछे के उसी छोटे गेट से देर रात शराब के पार्सल भी बाहर जाते हुए रिकॉर्ड किए गए।

    यदि ये आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह सवाल बेहद गंभीर है कि निर्धारित समय के बाद भी शराब की बिक्री और परोसने की गतिविधियां किसकी जानकारी में जारी हैं?

    आबकारी विभाग की जिम्मेदारी पर भी सवाल

    इस पूरे मामले में केवल स्थानीय पुलिस ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के राज्य आबकारी विभाग (Excise Department) की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठते हैं।

    बार को शराब परोसने और बिक्री की अनुमति देने वाले विभाग की जिम्मेदारी है कि लाइसेंस की शर्तों और निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित किया जाए।

    क्या आबकारी विभाग को इस तरह की गतिविधियों की जानकारी है? क्या संबंधित प्रतिष्ठान के लाइसेंस, शराब बिक्री के रिकॉर्ड और CCTV फुटेज की जांच होगी?

    सोशल मीडिया पर रिपोर्ट, पुलिस को भी दी गई जानकारी

    Crime Detection News ने इस स्टिंग ऑपरेशन से संबंधित वीडियो और रिपोर्ट Instagram तथा Facebook जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित की है।

    इसके अलावा Twitter (X) के माध्यम से भी मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की गई।

    लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक सहार पुलिस स्टेशन की ओर से किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

    DCP Nimit Goyal की भूमिका पर सवाल

    यह मामला सहार पुलिस स्टेशन की हद में आता है और संबंधित क्षेत्र DCP West Zone-I के अंतर्गत आता है, जहां DCP Nimit Goyal जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

    ऐसे में सवाल उठता है कि क्या DCP Nimit Goyal तक इस मामले की जानकारी पहुंची है?

    यदि जानकारी पहुंची है, तो अब तक जांच या कार्रवाई की स्थिति क्या है? और यदि जानकारी नहीं पहुंची है, तो उनके अधीन आने वाले क्षेत्र में रात के समय कथित तौर पर चल रही इन गतिविधियों की निगरानी कौन कर रहा है?

    अब कार्रवाई का इंतजार

    Crime Detection News की मांग है कि सहार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोज चालके, DCP Nimit Goyal और राज्य आबकारी विभाग इस मामले का संज्ञान लें।

    प्रतिष्ठान का रात के समय औचक निरीक्षण किया जाए। पीछे के गेट से होने वाली कथित गतिविधियों, शराब की पार्सल बिक्री, लाइसेंस की शर्तों और CCTV फुटेज की निष्पक्ष जांच की जाए।

    सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि रात 1:30 बजे के बाद भी इस तरह की गतिविधियां जारी हैं, तो आखिर इसकी जिम्मेदारी किसकी है?

    Crime Detection News इस मामले में संबंधित पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई तथा आधिकारिक प्रतिक्रिया पर नजर बनाए रखेगा। संबंधित प्रतिष्ठान और अधिकारियों का पक्ष मिलने पर उसे भी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।

  • अमिताभ बच्चन के घर पर फायरिंग की साजिश नाकाम! दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, विदेशी गैंगस्टर से जुड़े तार

    अमिताभ बच्चन के घर पर फायरिंग की साजिश नाकाम! दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, विदेशी गैंगस्टर से जुड़े तार

    मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास के बाहर फायरिंग करने की कथित साजिश का दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो आरोपियों को अलग-अलग कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक कथित गैंगस्टर के संपर्क में थे और अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी करने की योजना बनाई गई थी।

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की (25), निवासी जालंधर, पंजाब और दीपक सिंह उर्फ दीप, निवासी तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है।

    मुंबई में रुककर हमले को अंजाम देने की थी कथित योजना

    पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दीपक सिंह को कथित तौर पर मुंबई में अधिक समय तक रुकने और अमिताभ बच्चन के आवास के बाहर फायरिंग करने का निर्देश दिया गया था। जांच में सामने आया है कि इस साजिश के पीछे विदेश में बैठे गैंगस्टर का हाथ होने का संदेह है।

    बताया जा रहा है कि गैंगस्टर अमिताभ बच्चन को वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े कथित बयान को लेकर निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले भी अपने नाम से जोड़े गए ऐसे बयानों से इनकार कर चुके हैं।

    दिल्ली के कारोबारी पर भी हमले की थी योजना

    दिल्ली पुलिस के अनुसार, विकास ठाकुर मुंबई से दिल्ली पहुंचा था। उस पर एक कारोबारी को निशाना बनाकर रंगदारी से जुड़ी फायरिंग करने की कथित जिम्मेदारी थी। पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जांच के दौरान दीपक सिंह का पता मुंबई में लगाया गया और उसे भी गिरफ्तार किया गया।

    अमृतसर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हत्याकांड से भी जुड़ा आरोपी

    पुलिस के मुताबिक, दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मद संधू की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में भी आरोपी है। इस वारदात में उसके एक कथित सहयोगी पलविंदर उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

    आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

    दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब कथित विदेशी गैंगस्टर से उनके संपर्क, हथियारों की आपूर्ति और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।

    फिलहाल अमिताभ बच्चन के आवास पर कोई फायरिंग होने की सूचना नहीं है। पुलिस की कार्रवाई से कथित हमले की योजना को समय रहते नाकाम किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

    Crime Detection News

  • मुंबई CSMT रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

    मुंबई CSMT रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

    मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, रेलवे पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।

    तलाशी के दौरान डॉग स्क्वॉड की मदद से प्लेटफॉर्म और आसपास के इलाकों की जांच की गई। हालांकि, कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।पुलिस धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

    एहतियात के तौर पर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।रिपोर्ट: जावेद शेख

    Crime Detection News